अरविंद केजरीवाल, पत्नी सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित दूसरे नेता शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को गुजरात में प्रचार के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन और जमानत पर बाहर आए सांसद संजय सिंह व सुनीता केजरीवाल के नाम शामिल हैं। साथ ही, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, सतेंद्र जैन व इमरान हुसैन भी शामिल हैं।
गुजरात के लिए जारी किए गए 40 स्टार प्रचारकों में राजूभाई सोलंकी, भगवंत मान, सांसद डॉ. संदीप पाठक, राघव चड्ढा, पंकज गुप्ता, अमन अरोड़ा, गोपाल इटालिया, इसुदान गढ़वी, हेमंत खावा, सुधीर वघानी, अल्पेश कथीरिया, राजू भाई सौलंकी, जगमालभाई वाला, ज्वेल वासरा, कैलाश गढ़वी, डॉ. रमेश पटेल, मनोज सोरठिया, सागरभाई रबारी, प्रवीण राम, युवराज सिंह जडेजा, राजू करपड़ा, चेतन रावल, गौरी देसाई, करशन भद्रका बापू, रेशमबेन पटेल, नरेश पूनाभाई बरिया, निरंजन वसावा, राधिका राठवा, पंकज पटेल, जयेश संगाडा और राम धडुक के नाम भी शामिल हैं। आप को गठबंधन में गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से भरूच और भावनगर की दो सीटें मिली हैं। बाकी सभी सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में हैं। आप ने भरूच से चैतर वसावा और भावनगर से उमेश मकवाना को उम्मीदवार घोषित किया है। गुजरात में 7 मई को मतदान होगा।