संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। परिषदीय विद्यालयों की बदहाल स्थिति में सुधार की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें प्राथमिक विद्यालय होशियारपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कैलाशपुर समेत अन्य जर्जर स्कूलों में मरम्मत और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी सीएम चौहान ने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल और छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय जैसी सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों की बदहाली के वीडियो सामने लाने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन वह जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से स्कूलों के लिए जारी 604 करोड़ रुपये की राशि से जर्जर विद्यालयों की मरम्मत कराने की मांग की।
युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने कहा कि स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए एक माह का समय दिया गया है। सुधार कार्य शुरू नहीं होने पर पार्टी कार्यकर्ता दोबारा स्कूलों का वीडियो बनाकर स्थिति जनता के सामने रखेंगे।