दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी पर आप को वीरेंद्र सचदेवा ने घेरा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि आप सामाजिक सद्भाव और सुरक्षा वातावरण बिगाड़ने का काम करती है। आप विधायक नरेश बाल्यान को जमानत देने से अदालत ने इंकार कर दिया है। इससे यह साफ हो गया है कि पश्चिम दिल्ली में अपराध बढ़ाने में उनकी भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि अमानतुल्ला खान पर भी कई मामले दर्ज हैं। विधायक प्रकाश जरवाल की एक टैंकर मालिक की हत्या में भूमिका रही है। ऐसे में भाजपा पर किसी तरह का आरोप लगाना सिर्फ मनगढ़ंत कहानी है। अखिलेश पति त्रिपाठी, संजीव झा, सोमनाथ भारती, दिनेश मोहनिया, शरद चौहान समेत कई विधायकों पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक व्यवहार के आरोप हैं। सचदेवा ने कहा कि आप के सहयोगी एनजीओ के प्रमुख पदाधिकारी के नाबालिग बेटे का नाम दिल्ली के 400 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला पकड़ा गया है। यह सोचने का विषय है कि आखिर एक नाबालिग ने क्यों और किस तरह 400 स्कूलों का डाटा जमा किया। साफ है कि इसमें कोई साजिश है, बच्चे का तो सिर्फ नाम है। धमकी देने वाला कोई और है। आप नेतृत्व पूरी तरह दिल्ली के सामाजिक वातावरण को बिगाड़ने में जुटा है। इसका प्रमाण एआई से निर्मित डीपफेक वीडियो जारी करना है। आप नेता लगातार प्रधानमंत्री सहित भाजपा के नेताओं के फर्जी वीडियो जारी कर रहे हैं। कुछ दिन पहले खुद केजरीवाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ एक वीडियो जारी किया जिसने अनुसूचित जाति सहित सभी देशवासियों को दुख पंहुचाया।