-
-महिला के खिलाफ नॉलेज पार्क कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज
-परीक्षा केंद्र प्रशासन ने महिला अभ्यर्थी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के परीक्षा केंद्र पर महिला अभ्यर्थी ब्लूटुथ से नकल करती पकड़ी गई है। केंद्र प्रबंधक ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। एसएससी आरडी एनआर रीजन के निर्देश पर झज्जर के कुंजिया गांव निवासी करीना के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि जमानती धारा होने के कारण महिला अभ्यर्थी को नोटिस तामील कर कोतवाली स्तर से जमानत मिल गई है।
शुक्रवार को सेक्टर-155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र नोएडा पर एसएससी की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान महिला अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। जांच में उसके पास से ब्लूटुथ डिवाइस मिली। परीक्षा केंद्र प्रशासन ने करीना को तत्काल पकड़ लिया। इसके बाद एसएससी आरडी एनआर रीजन को ई-मेल से पूरे प्रकरण की सूचना दी गई। वहां से जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर परीक्षा केंद्र प्रबंधक ने महिला के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्र प्रशासन की ओर से पुलिस को मामले से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए हैं। इनमें फॉर्म-1 की प्रति, अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड, अभ्यर्थी का लिखित बयान, पहचान पत्र और अन्य सहायक दस्तावेज शामिल हैं। साथ ही महिला के पास से मिला ब्लूटुथ भी सौंपा गया है। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
-
मोहम्मद बिलाल