भाई को बचाने आए युवक को पीटा, मौत
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के मिलक लच्छी गांव में शनिवार को भाइयों के साथ की जा रही मारपीट में बीच-बचाव करने आए युवक को बुरी तरह पीट दिया गया। गंभीर घायल अवस्था में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है।
मूलरूप से हरदोई निवासी संजय (35 वर्ष) ग्रेनो वेस्ट के मिलक लच्छी गांव में परिवार के साथ किराए पर रहता था। वह चेरी काउंटी सोसाइटी में काम करता था, जबकि उसके तीन भाई ग्रीन आर्क सोसाइटी में काम करते है। संजय के भाई दीपू ने बताया कि शनिवार सुबह वह अपने दो भाइयों के साथ सोसाइटी में काम कर रहा था, तभी एक अन्य टावर में काम करने वाले युवक वहां पहुंचे। उन्होंने सोसाइटी में काम नहीं करने की धमकी दी। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद तीनों भाई मिलक लच्छी गांव स्थित अपने घर लौट आए। दीपू के अनुसार दोपहर में आरोपी उनके घर पहुंचे और बातचीत के बहाने बाहर बुलाकर उसके साथ मारपीट करने लगे। बड़ा भाई संजय बीच-बचाव करने आया तो उसके साथ भी मारपीट की। सिर और सीने पर गंभीर चोट आने की वजह से संजय जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने संजय को शाहबेरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, डॉक्टरों ने उसे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। उन्होंने आरोपियों के फरार होने की आशंका जताई है।
डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि परिजनों की ओर से शिकायत नहीं मिली है, शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।