नवाबगंज। पहली पत्नी के रहते दूसरी युवती से निकाह करने पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों ने मौके से पकड़ लिया। सूचना पर आई पुलिस आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
पहली पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र शाही के चकदाह गांव के हैदर हुसैन अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका निकाह थाना शेरगढ़ के डेलपुर निवासी नरगिश के साथ दो फरवरी को हुआ था, लेकिन कुछ ही समय में पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी।
इसी बीच हैदर हुसैन ने तलाक को लेकर कोर्ट में अर्जी डाल दी। सोमवार को हैदर हुसैन अपने पिता बुद्धा हुसैन और बहनोई रफीक अहमद के साथ कस्बे की एक युवती के साथ निकाह करने पहुंच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पहली पत्नी नरगिश ने थाना नवाबगंज में अपने पति द्धारा दूसरा निकाह करने की शिकायत कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता ने तहरीर दी है।
पुलिस को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद