आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के नगला देवजीत में सोमवार शाम स्कूटर और बाइक में टक्कर हो गई। इससे नाराज दबंगों ने युवक को गली में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वह लहूलुहान हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
नगला देवजीत निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि उनका चचेरा भाई संदीप सोमवार शाम करीब सात बजे बाजार से सामान लेने जा रहा था। इसी बीच सामने से आ रहे बाइक सवार युवक की बाइक उनकी स्कूटर से टकरा गई। संदीप ने युवक को संभलकर चलाने की बात कही तो बाइक सवार ने मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद बाइक सवार अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर संदीप पर टूट पड़ा। वह बीच बचाव करने पहुंचे तो उन्हें भी पीटा गया। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।