मैनाठेर(संभल)। पासपोर्ट बनवाने के लिए बरेली जा रहे बाइक सवार ब्रह्म देव (21) की ट्रक की टक्कर से माैत हो गई। ब्रह्म देव संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के ग्राम बसला की मड़ैया का रहने वाला था। ब्रह्म देव बृहस्पतिवार सुबह समय करीब 6:00 बजे पासपोर्ट बनवाने के लिए बरेली जा रहा था जैसे ही वह फरीदपुर गांव के पास संभल कट के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक में उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ब्रह्म देव गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और घायल को मुरादाबाद के ब्राइट स्टार अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान ब्रह्म देव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक किरन पाल सिंह ने बताया कि पिता रमेश चंद्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एयरफोर्स में जाने की हसरत रह गई अधूरी
मैनाठेर। ब्रह्म देव अपनी पांच बहनों और दो भाइयों में छठे नंबर का था। वह मुरादाबाद में कोचिंग सेंटर पर एयर फोर्स की तैयारी कर रहा है लेकिन आकस्मिक हादसे ने एयरफोर्स में नौकरी करने की हसरत अधूरी रह गई है। इस हादसे से उसकी मां शकुंतला देवी, बड़ी बहन प्रवेश, अंशु कुमारी, तारावती, मंजू, नीरज और छोटा भाई ओम कृष्ण कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है क्योंकि ब्रह्म देव अपने परिवार होनहार बेटा था। उसकी मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।