जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव बसीटा में बुधवार की रात एक किशोर को स्टील के गिलास रख कर पटाखा छोड़ना भारी पड़ गया। पटाखे के धमाके से गिलास के टुकड़े हवा में उड़ कर किशोर के पेट में जा घुसे। गंभीर हालत में किशोर को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गांव बसीटा निवासी वीर सिंह ने बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा सर्वेंद्र कुमार बुधवार रात पटाखे के ऊपर स्टील का गिलास रखकर छोड़ रहा था। तभी तेज धमाके के साथ गिलास फट गया और गिलास का एक बड़ा टुकड़ा हवा में उड़ कर किशोर के पेट में जा घुसा। किशोर की चीख सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सावधानी से गिलास का टुकड़ा निकाला और किशोर को उपचार के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां उसका उपचार चल रहा है।