यमुनानगर। थाना सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव परवालो में हाइड्रा की चपेट में आने से बिजली निगम के ठेकेदार के कर्मी की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, वहीं हाइड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना छछरौली क्षेत्र के गांव बलौली निवासी 23 वर्षीय मलकीत सिंह बिजली निगम के ठेकेदार के पास काफी समय से काम कर रहा था। सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मलकीत अपने साथी कर्मियों के साथ गांव परवालो में बस अड्डे के पास बिजली आपूर्ति सुचारू करने गया था। इस दौरान हाइड्रा चालक ने लापरवाही दिखाते हुए मलकीत को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मलकीत को आसपास के लोग नजदीक के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों में नरेश कुमार ने बताया कि मलकीत पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर था। संवाद