खेतासराय करंट लगने से मृत शुभम की फाइल फोटो। संवाद
खेतासराय। दुर्गा पूजा पंडाल में बिजली नहीं आने पर जनरेटर का तार जोड़ते समय मंगलवार की शाम करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना खेतासराय थाना क्षेत्र के कांवरियां गांव की है।
कांवरियां गांव में हर साल की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा पंडाल सजाया गया है। यहां मां की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। मंगलवार को भंडारे का आयोजन था। तैयारियों के बीच अचानक लाइट कट गई। इसी दौरान गांव निवासी दिनेश के बेटे शुभम (18 ) बिजली का तार जनरेटर से जोड़ने लगे। इसी बीच किसी ने जनरेटर चला दिया। इससे शुभम करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि वे नंगे पैर थे और करंट की चपेट में आने से झुलस गए। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत होने पर भंडारा कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। परिजनों की इच्छा पर शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।