- नोट ऑनलाइन न चलाए
- 1.51 लाख तक की इनामी कुश्तियां, नामी अखाड़ों के पहलवानों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला
दर्शन पाराशर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर में चल रहे बाराही मेले में सोमवार को अंतिम दिन इनामी कुश्ती दंगल इस बार आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। मेला परिसर में मल्लशाला में होने वाले इस आयोजन में देशभर के दिग्गज और उभरते पहलवान अपनी ताकत और दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगे। पारंपरिक भारतीय कुश्ती की झलक दिखाने वाला यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए खास रहेगा। इसमें अन्य जिलों के भी दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
मेले में आयोजकों की ओर से अंतिम दिन विशाल इनामी कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिलेभर के दिग्गज पहलवानों के साथ अन्य राज्यों के पहलवान भी दांवपेच लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस दंगल में 101 रुपये से लेकर 1.51 लाख रुपये तक की इनामी कुश्तियां रखी गई हैं जो इसे और अधिक रोमांचक बनाती हैं। मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने बताया कि पलवल, आगरा, गाजियाबाद सहित कई क्षेत्रों से उभरते पहलवान भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता में गुरु जसराम अखाड़ा, गुरु हनुमान अखाड़ा दिल्ली, जमालपुर अखाड़ा और नलगड़ा अखाड़ा जैसे प्रतिष्ठित अखाड़ों के पहलवान भाग लेंगे।
यह विशाल दंगल बाबा मोहन राम ट्रस्ट दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में भीम पंडित पहलवान और उनकी टीम द्वारा मुकदड़ का रोमांचक प्रदर्शन भी किया जाएगा जो आयोजन में जोश और उत्साह का संचार करेगा। दंगल में चर्चित जमालपुर गांव निवासी कलुआ और जोंटी पहलवान जैसे नामी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।