संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को 8.89 करोड़ रुपये से जिला नागरिक अस्पताल के सुंदरीकरण कार्य सहित 28 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें सीएचसी निगदू, एसएचसी बाल रांगड़ान के भवन का उद्घाटन व आठ उप-स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का शिलान्यास शामिल है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल वीरवार को लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ के मौके पर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में पहुंचे थे। यहीं से उन्होंने स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। हालांकि जो शिलापट तैयार किए गए हैं, उसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के सानिध्य में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से उद्घाटन करना अंकित है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने आठ करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से जिला नागरिक अस्पताल के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण किया तो 12 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बने सीएचसी निगदू व 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बने एसएचसी बाल रांगड़ान का उद्घाटन किया गया।
-
छोटे-मोटे इलाज के लिए नहीं आना पड़ेगा जिला अस्पताल
केंद्रीय मंत्री ने आठ उप-स्वास्थ्य केंद्र के भवनों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इनमें कैमला, गोल्ली, बल्हेड़ा, बीजना, बल्ला, स्टौंडी, फफड़ाना और रत्तक उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन शामिल हैं। जिन पर करीब साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन भवनों के बन जाने से ग्रामीण अंचल के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी और छोटे-मोटे इलाज के लिए अब उन्हें जिला अस्पताल नहीं आना पड़ेगा।
-
तय करनी पड़ती है 45 किलोमीटर तक की दूरी
आठ उप-स्वास्थ्य केंद्रों का अभी निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इससे पहले लोगों को गंभीर इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में ही आना पड़ रहा है। हर दिन कोई 30 तो कोई 40-45 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे न केवल इलाज में देरी बल्कि जान का जोखिम भी होता है।
-
जिला अस्पताल से आठ उप-स्वास्थ्य केंद्रों की दूरी
क्षेत्र दूरी किलोमीटर
कैमला 45 किलोमीटर
गोल्ली 39 किलोमीटर
बल्हेड़ा 30 किलोमीटर
बीजना 32 किलोमीटर
बल्ला 35 किलोमीटर
स्टौंडी 32 किलोमीटर
फफड़ाना 41 किलोमीटर