चोटपुर कॉलोनी में वारदात, कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चोटपुर कॉलोनी में बुधवार रात युवक के कमरे पर आई 45 वर्षीया महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार सुबह युवक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, चोटपुर कॉलोनी में रहने वाला युवक फैक्टरी में काम करता है। बृहस्पतिवार सुबह थाने पहुंचकर उसने बताया कि उसके कमरे में महिला की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची। युवक ने पूछताछ में बताया कि उसने बुधवार रात महिला को कॉल करके बुलाया था। रात में दोनों ने शराब पार्टी की। इसके बाद दोनों सो गए। बृहस्पतिवार सुबह वह फैक्टरी जाने के लिए उठा तो महिला को भी जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठी।
महिला के कान से बह रहा था खून
इसके बाद महिला के कान से बह रहे खून पर उसका ध्यान गया, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। मौके से साक्ष्य एकत्र करने और वीडियोग्राफी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक ने पुलिस को बताया कि वह महिला का नाम और पता नहीं जानता है। इससे पहले भी उसने दो-तीन बार उसे कमरे पर बुलाया था। महिला के पास से कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि महिला के मोबाइल की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।