निवेश के नाम पर महिला से 1.06 लाख की ठगी
कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट निवासी महिला से साइबर ठगों ने वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर पहले विश्वास जीता और फिर निवेश के नाम पर 1.06 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर महिला ने न्यायालय की शरण ली। बिसरख कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सुपरटेक ईको विलेज-3 सेक्टर-16 बी निवासी रितु सिंह ने केस दर्ज कराया है कि जुलाई 2024 में उन्हें टेलीग्राम चैनल से जुड़ने का संदेश मिला। लावण्या श्री नामक एक महिला ने उन्हें कुछ लिंक पर रेटिंग देने का काम दिया, जिसके बदले 4 हजार रुपये का भुगतान हुआ। इसके बाद आरोपी ने सुनामक्रिप्टो डॉट कॉम नामक डिमैट अकाउंट खोलकर निवेश करने पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा दिया। ठग महिला ने पीड़ित को दो और व्यक्तियों आदित्य वर्मा और समीर खान से संपर्क कराया। तीनों ने मिलकर पीड़ित को निवेश के लिए उकसाया। पीड़ित ने 13 और 14 जुलाई 2024 को अलग-अलग खातों में कुल 1 लाख 6 हजार 500 जमा किए। इसमें करीब 78 हजार रुपये एक बैंक खाते में जबकि 23 हजार 495 कोम्मोजू विग्नन चार्य नामक लाभार्थी को और 5 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए गए। पीड़ित के डिमैट अकाउंट में 1.68 लाख रुपये दिखने लगे, लेकिन इन पैसों की निकासी संभव नहीं हुई। बार-बार मांग करने पर आरोपियों ने और पैसे जमा करने की शर्त रखी। इस पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। 24 अक्तूबर 2024 को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी।