- वीडियो बनाकर सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में पालतू कुत्ते को घुमाने निकले 13 वर्षीय बच्चे से अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसाइटी की एक महिला ने बच्चे को गाली दी और उसके कुत्ते को भी ऊपर भिजवाने की धमकी दी। महिला ने बच्चे का वीडियो बनाकर सोसाइटी के रेजिडेंट्स व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर दिया। मां की शिकायत पर फेज-2 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चे की मां के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे उनका बेटा नौ महीने के पालतू कुत्ते को घुमाने निकला था। वह सोसाइटी से होते हुए टावर रीजेंट-बी के पीछे स्थित दादी के घर जा रहा था। इसी दौरान एलेक्जेंड्रा ए-ब्लॉक में रहने वाली महिला ने उसे रोककर अभद्रता की। आरोप है कि महिला ने कहा कि उसके पिता के कुत्ते को ऊपर भिजवा दिया है और अब उसके कुत्ते को भी भिजवा देगी। महिला ने वीडियो और वॉयस नोट ग्रुप में साझा किया। इससे बच्चा डर गया और कुत्ते को गोद में लेकर घर लौट आया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।