दिल्ली मेरठ रोड पर दोपहर तीन बजे लगा जाम। संवाद
गाजियाबाद। मेरठ रोड पर मोरटा चौकी के पास शुक्रवार दोपहर बीच सड़क पर ट्रक खराब हो गया। इस वजह से मेरठ और गाजियाबाद की तरफ तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। एक से चार बजे तक जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑटो चालकों ने जाम लगने का पूरा फायदा उठाया। ऑटो चालकों ने वैकल्पिक रास्तों से निकालकर लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने की एवज में दोगुना किराया लिया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक ट्रक मेरठ की तरफ से आया। मोरटा चौकी के पास कट से धर्मकांटे की तरफ जाने के दौरान ट्रक खराब हो गया। ट्रक सड़क पर कुछ इस तरह खड़ा हो गया कि मेरठ की तरफ जाने वाले वाहनों को निकलने के लिए जगह नहीं बची। स्थिति उस वक्त ज्यादा बिगड़ गई जब एक के बाद एक स्कूली बसें भी सड़क पर आ गईं। इससे कुछ ही देर में वाहनों की कतारें करीब तीन किलोमीटर पीछे गुलधर स्टेशन तक जा पहुंच गईं।
उधर, पहले निकलने के चक्कर में बड़ी तादाद में वाहन विपरीत दिशा में आ गए। इससे मेरठ की तरफ आने वाले वाहनों के पहिये थम गए। यहां लोगों को करीब तीन किलोमीटर लंबे जाम में फंसना पड़ा। लोग पुलिस को फोन कर जानकारी देते रहे। इसके बावजूद ट्रक को ढाई से तीन घंटे में हटाया गया। चार बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। ट्रक को हटवाया गया। पीक ऑवर में ट्रक खराब हुआ, इस वजह से जाम की स्थिति बन गई थी।