संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। थाना समथर क्षेत्र के ग्राम बूढ़ेरा घाट में रविवार की रात रतनगढ़ माता के जवारे लेकर जा रहे श्रद्धालुओं से भी ट्रॉली पलटने की घटना में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला सीता राजपूत के पति धर्मेंद्र राजपूत ने मंगलवार को थाना समथर में तहरीर दी, जिसके जरिये बताया कि ट्रैक्टर में बैठा युवक राघवेंद्र शराब के नशे में था और उसने कुछ दूर पहले से जबरदस्ती ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया था। तेज गति और लापरवाही के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसकी पत्नी सीता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। समथर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी राघवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
बता दें कि हादसे में आरोपी युवक भी घायल हो गया था। इसके अलावा अन्य कई घायलों का भी उपचार जारी है।