नोएडा सेक्टर 20 हनुमान मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार उमड़ी भीड़.
नाग पंचमी और तीसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब
-श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक, नाग देवता की भी की पूजा
नोएडा/यमुना सिटी। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। दोनों पर्वों का संयोग होने के कारण शहर के सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और नाग पंचमी पर चांदी के नाग-नागिन अर्पित कर सर्प व पितृ दोष की शांति की कामना की।
नोएडा के सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-2 के लाल मंदिर, सेक्टर-44 के छलेरा शिव मंदिर, सेक्टर-100 के वोडा महादेव मंदिर और सेक्टर-14ए के शनि मंदिर में तड़के से ही लंबी कतारें लगी रहीं। सेक्टर-2 के लाल मंदिर के पुजारी सतीश शास्त्री के अनुसार, इस शुभ दिन पर कई विशेष रुद्राभिषेक संपन्न हुए, जिसमें सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। यमुना सिटी के खेड़ा गांव स्थित प्राचीन मंदिर में नागपंचमी के अवसर पर वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पिछले तीन वर्षों से यहां यह आयोजन हो रहा है। उधर, रबूपुरा के ऐतिहासिक नानकेश्वर महादेव मंदिर समेत विभिन्न ग्रामीण व सोसाइटी के मंदिरों में भी 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजे। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और एनसीआर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुबह 4 बजे से ही जलाभिषेक किया। महंत राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और मेला कमेटी के सदस्य व्यवस्था संभालने में मुस्तैद रहे।