औरेया के लिए उपयोगी।
-
-सरिता विहार इलाके में शनिवार सुबह हुआ हादसा, आरोपी चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सरिता विहार इलाके में शनिवार सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े दूसरे डंपर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में टक्कर मारने वाले डंपर चालक हनीफ अली (40) की मौत हो गई। जबकि दूसरा डंपर चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सरिता विहार थाना पुलिस ने डंपर में फंसे हनीफ अली के शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि हनीफ अली उत्तर प्रदेश के औरेया जिले के रहने वाले थे। वह डंपर चलाते थे और सामान उतारने के लिए दिल्ली आए थे। शनिवार सुबह वह सरिता विहार इलाके से निकल रहे थे। उस समय सरिता विहार स्थित लिविंग स्टाइल मॉल के सामने फुट ओवर ब्रिज के पास अपना डंपर खड़ा था। इस डंपर चालक ने डंपर खड़ा करने से पहले कोई चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग नहीं लगाई थी, जिसके चलते हनीफ अली का डंपर खड़े डंपर में टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हनीफ अपने ही डंपर में फंस गए। हादसे के बाद पहले से खड़े डंपर का चालक मौके से भाग गया। इसके बाद राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची सरिता विहार थाना पुलिस ने उन्हें डंपर से निकाला और एम्स ट्रॉमा सेंटर भर्ती किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है।