-119 डाकघरों में 12 अगस्त तक चलेगा अभियान
-10 साल से कम उम्र की बेटियों को मिलता है योजना का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर के 119 डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 12 अगस्त तक चलेगा। इसके तहत आमजन, विशेषकर बेटियों के अभिभावकों को योजना के लाभों की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
12 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खाता खुलवाने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, अभिभावक का पहचान पत्र और पता प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो आदि दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। डाक विभाग गौतमबुद्ध नगर मंडल के अधीक्षक भूर सिंह मीणा ने बताया कि उनका लक्ष्य है कि जिले की हर योग्य बालिका के नाम पर यह खाता खुले, ताकि भविष्य में उनकी शिक्षा, शादी या अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता तैयार रहे।
क्या है सुकन्या समृद्धि योजना
सुकन्या समृद्धि योजना भारत सरकार की एक लघु बचत योजना है, जो केवल बेटियों के लिए होती है। इस योजना में 10 वर्ष से कम आयु की बालिका के नाम पर खाता खोला जा सकता है। खाता पोस्ट ऑफिस या अधिकृत बैंकों में खोला जा सकता है। इसमें 7.6 प्रतिशत तक ब्याज मिलता है। इसमें जमा राशि आयकर की धारा 80सी के तहत टैक्स फ्री होती है और मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि भी पूरी तरह कर मुक्त होती है।