माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी में साउथ एशियन यूनिवर्सिटी और सीटीआईएफ ग्लोबल कैप्सूल के सहयोग से 'ट्रस्टवर्दी डिजिटल नेटवर्क्स' विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। 3 जुलाई तक चलने वाले सम्मेलन में भारत और विदेशों के शिक्षाविद, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ, नीति निर्माता और छात्र भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में 15 से अधिक विशेषज्ञ 12 तकनीकी सत्रों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6जी कम्युनिकेशन, साइबर सुरक्षा, क्रिप्टोग्राफी, डिजिटल प्राइवेसी और सुरक्षित आईओटी जैसे विषयों पर विचार साझा कर रहे हैं। साथ ही पर्यावरण, स्वास्थ्य, जल प्रबंधन, कृषि और सतत विकास में नई तकनीकों की भूमिका पर भी चर्चा की जा रही है।
प्रो-चांसलर प्रो. वाई.के. गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल सिस्टम समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा ने सम्मेलन को ज्ञान और वैश्विक सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बताया। वहीं, दूरसंचार विभाग के डायरेक्टर जनरल (टेलीकॉम) आनंद खरे ने डिजिटल भरोसे और मजबूत नेटवर्क को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताया। डेनमार्क के प्रो. रामजी प्रसाद ने मानव-केंद्रित तकनीकी विकास और वैश्विक सहयोग पर बल दिया।