संभल। सिटी मजिस्ट्रेट और जिला कृषि अधिकारी ने तीन खाद दुकानों पर छापा मारा। इनमें एक दुकान में खाद के अधिक भंडारण को लेकर दुकानदार से स्पष्टीकरण मांगा गया। दूसरी दुकान को मालिक बंद करके भाग गया। इसकी जांच की जाएगी। तीसरी दुकान पर संपर्क के बावजूद दुकानदार नहीं पहुंचा तो संदिग्ध प्रतीत होने पर दुकान पर ताला लगा दिया गया।सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और जिला कृषि अधिकारी प्रबोध मिश्रा ने शनिवार को मोहल्ला रायसत्ती में ताहिर खाद भंडार पर पहुंचे। भंडारण के सापेक्ष एनपीके खाद के 24 कट्टे अधिक पाए गए। अधिक भंडारण को लेकर जिला कृषि अधिकारी ने ताहिर से स्पष्टीकरण मांगा। स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक दुकान बंद करने के निर्देश दिए। इस बीच पास में ही अनीस खाद भंडार का मालिक दुकान को बंद करके भाग गया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि मालिक को तलब करके दुकान में जांच की जाएगी।
इस बीच आदमपुर मार्ग पर मोहल्ला मल्ली सराय में स्थित कुरैशी खाद भंडार में मिलावटी खाद बेचे जाने की सूचना मिली। अधिकारी मोहल्ला मल्ली सराय में कुरैशी खाद भंडार पहुंचे। आसपास के लोगों ने बताया कि दुकानदार खाना खाने गए हैं। दुकान मालिक से दूरभाष पर संपर्क कर उपस्थित होने के लिए कहा लेकिन करीब 1 घंटे तक नहीं आया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि ऐसी स्थिति में दुकान का संदिग्ध होना प्रतीत हुआ। दुकान पर ताला लगाकर बंद करा दिया गया।