संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हमीदा हेड के किनारे नौ एकड़ दलदली जमीन पर पार्क विकसित किया जाएगा। नगर निगम इस प्रोजेक्ट पर लगभग 6.13 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नगर निगम ने एजेंसी को वर्क अलॉट कर दिया है। जमीन की निशानदेही व सर्वेक्षण किया जा रहा है। पार्क विकसित होने से हजारों लोगों को सुंदर व स्वच्छ वातावरण मिलेगा। लोग न केवल सैर कर सकेंगे बल्कि पार्क में बैठ कर पश्चिमी यमुना नहर में बहते पानी का नजारा भी ले सकेंगे।
यमुना नदी के साथ लगती यह जमीन शहर का कूड़ा गिराए जाने व बरसात का पानी जमा होने की वजह से दलदली हो गई थी। साथ ही नालों का पानी भी इसमें गिर रहा था। अब वहां हरा भरा व सुगंधित वातावरण होगा। न तो अब यहां अवैध कब्जे हो सकेंगे और न ही यहां गंदगी फैलेगी। पार्क में सैर करने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबा वाकिंग ट्रैक होगा।
लगभग 1.8 मीटर चौड़े वाकिंग ट्रैक पर लोग सैर कर सकेंगे। बच्चों के लिए झूलों के अतिरिक्त प्ले ग्राउंड भी होगा। चार गजीबो (हट) बनाई जाएंगी ताकि लोग परिवार के साथ यहां पर बैठकर आनंद ले सकें। पेयजल, ओपन जिम, इलेक्ट्रिक रूम, हाइमास्ट लाइट, गार्ड रूम के अलावा महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग दो शौचालय भी बनाए जाएंगे। नगर निगम टेंडर लगाकर वर्क अलॉट कर चुका है। हाल ही में जमीन की निशानदेही व सर्वेक्षण किया गया है।
नगर निगम द्वारा तैयार की गई डीपीआर के तहत पुराना हमीदा की तरफ से अवैध कब्जे रोकने के लिए करीब पांच फीट ऊंची दीवार बनाई जाएगी। इसके बाद यहां पर मिट्टी से भराव कराया जाएगा। लैंड स्केपिंग कराई जाएगी। पूरे पार्क में हरा घास लगाया जाएगा। बच्चों के लिए झूले, प्ले ग्राउंड, ओपन जिम बनाई जाएगी।
रात में भी कर सकेंगे व्यायाम : निगमायुक्त
निगमायुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि पार्क में हाईमास्ट लाइट से लाइटिंग की भी सुंदर व्यवस्था होगी। लाइट व्यवस्था होने से रात व अलसुबह के समय भी लोग पार्क में सैर व व्यायाम कर सकेंगे। अलग से इलेक्ट्रिक रूम व गार्ड रूम होगा। पार्क में बैठने के लिए जगह-जगह बैंच लगाए जाएंगे। जहां वरिष्ठ नागरिक बैठकर आराम कर सकें। पेयजल और सिंचाई के लिए विभिन्न स्थानों पर नल लगाए जाएंगे।
पार्क से क्षेत्र की बढ़ेगी शोभा : मेयर
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि पुराने हमीदा क्षेत्र में अभी कोई बड़ा पार्क नहीं है, जिसमें यहां के लोग सैर व व्यायाम कर सके। यहां पार्क बनने से क्षेत्र की शोभा बढ़ेगी। क्षेत्र के लोग सुबह-शाम सैर कर सकेंगे। पश्चिमी यमुना नहर किनारे पार्क बनने से गर्मी में लोग ठंडी हवाओं का आनंद ले सकेंगे। सुबह-शाम सैर के साथ-साथ बच्चे झूलों का लुफ्त लेंगे। ओपन जिम में व्यायाम कर लोग शारीरिक फिटनेस बनाएंगे। पार्क के बाहर पार्किंग की भी व्यवस्था होगी।