कूड़ा निस्तारण केंद्र का निरीक्षण करती नगर पालिका की टीम। स्रोत: नगर पालिका
लखीमपुर खीरी। नगर पालिका परिषद लखीमपुर शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के दो कार्य कराने जा रही है। पहली परियोजना के तहत मझरा फार्म स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कूड़ा निस्तारण केंद्र पर बाउंड्री वॉल, गेट और अंदरूनी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर कुल 92.77 लाख रुपये की लागत प्रस्तावित है।
नगर पालिका के अनुसार, बाउंड्री और गेट न होने से कूड़ा दूर तक फैल रहा था। अंदर सड़क न होने से कूड़े के वाहनों को जाने आने में दिक्कत थी। निर्माण कार्य के लिए आवश्यक मैटेरियल साइट पर पहुंच चुका है और जल्द ही कार्य गति पकड़ेगा। इस केंद्र के विकसित होने से कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी तथा आसपास के क्षेत्रों में गंदगी और दुर्गंध की समस्या में कमी आएगी।
दूसरी परियोजना शहर के एलआरपी चौराहे के पास एक पार्क विकसित कर उसका सुंदरीकरण किया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगों को एलआरपी चौराहा सुंदर दिखे, इसलिए यह निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 60×8 मीटर क्षेत्रफल वाले इस पार्क में पाथवे, लाइटिंग, पौधरोपण, बेंच और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस कार्य पर लगभग 17 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्क के नवीनीकरण से क्षेत्रवासियों को सुबह-शाम टहलने और बच्चों को सुरक्षित मनोरंजन का बेहतर माहौल मिलेगा।
कूड़ा निस्तारण केंद्र में काम शुरू हो चुका है। पार्क का भी काम जल्द शुरू होगा। इसका उद्देश्य शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।
- डॉ. इरा श्रीवास्तव, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद लखीमपुर खीरी।