-5.01 लाख वर्गमीटर जमीन का सरेंडर डीड प्राधिकरण ने कराया
-मौके पर करीब 1.87 लाख वर्गमीटर जमीन और भी है
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-25ए और 32 में 6.88 लाख वर्गमीटर जमीन की बिक्री के लिए नोएडा प्राधिकरण नया प्लान बनाएगा। इस बाबत नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इसमें वेव मेगा सिटी सेंटर प्राइवेट लिमिटेड की वापस की गई 5.01 लाख वर्गमीटर जमीन भी शामिल है। यहां कॉमर्शियल प्लॉट की स्कीम निकाली जाएगी। वहीं मौके पर करीब 1.87 लाख वर्गमीटर जमीन और भी है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि दो बार पहले भी इस जमीन के लिए स्कीम निकाली जा चुकी है। एक वर्ष पहले यहां छोटे प्लॉट की स्कीम निकाली गई। लेकिन यह सफल नहीं हो पाई। अब बताया जा रहा है कि यहां बड़े प्लॉट की स्कीम निकाली जाएगी। जिसकी बिक्री से प्राधिकरण को राजस्व की प्राप्ति होगी।
अधिकारियों का कहना है कि इसमें 20 हजार वर्गमीटर से अधिक साइज के प्लॉट शामिल रहेंगे। इसका फायदा यह होगा कि इससे अधिक साइज के वाणिज्यिक प्लॉट में मिक्स लैंड यूज की सुविधा मिल जाती है। यानी यहां आवास का निर्माण भी हो सकता है। नियोजन विभाग की ओर से पूरे क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। यहां सड़कें आदि बनाई जाएंगी। इसके अलावा बिजली-पानी की सुविधा आदि भी दी जाएगी।
वेव की ओर से दी गई 5,01,858.846 वर्गमीटर जमीन का सरेंडर डीड 26 सितंबर को कराया जा चुका है। इसके अलावा वेव की ओर से 56,400 वर्गमीटर जमीन का लीज रेंट 1 सितंबर तक भुगतान के बाद कंप्लीशन प्राप्त कर तैयार यूनिट का त्रिपक्षीय लीज डीड के लिए आवंटी को 29 सितंबर को पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। इसके अलावा वित्त विभाग को एस्क्राे अकाउंट की कार्यवाही के लिए 29 सितंबर को पत्र लिखा जा चुका है। इस बाबत बीते बोर्ड बैठकों में प्राधिकरण की ओर से एक रिपोर्ट बोर्ड के सदस्यों को दी गई है।