-वनस्पति विज्ञान के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ पौधों की पारंपरिक मान्यताओं और उपयोग की मिलेगी जानकारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों को वनस्पति विज्ञान की पढ़ाई के साथ भारतीय परंपरा से जुड़े पौधों की जानकारी देने के लिए नवग्रह प्लांट को फिर से विकसित किया जाएगा। बॉटनी विभाग ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। परिसर में नवग्रह से जुड़े पौधों को व्यवस्थित तरीके से लगाया जाएगा और उनकी नियमित देखभाल की व्यवस्था भी की जाएगी।
नवग्रह प्लांट में ऐसे पौधे लगाए जाएंगे, जिन्हें भारतीय परंपरा में नौ ग्रहों से संबंधित माना जाता है। प्रत्येक पौधे के साथ उसका नाम और उससे जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पौधों की पहचान और उनके वैज्ञानिक महत्व को समझने का अवसर देना है।
प्लांट तैयार होने के बाद बॉटनी के विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने में मदद मिलेगी। विद्यार्थी पौधों को करीब से देखकर उनकी संरचना, विशेषताओं और उपयोग के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। औषधीय महत्व वाले पौधों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को इनके पारंपरिक उपयोग के साथ वनस्पति विज्ञान से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
प्रकृति और जैव विविधता के प्रति बढ़ेगी जागरूकताः कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, प्रोजेक्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति और पौधों से जोड़ना है। इससे उनमें पर्यावरण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्लांट में विभिन्न पौधों को पहचान संबंधी जानकारी के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से अध्ययन का अवसर मिलेगा।
पहले भी तैयार किया गया था प्लांटः महाविद्यालय में नवग्रह प्लांट पहले भी बॉटनी विभाग की पहल पर विकसित किया गया था। समय के साथ इसके रखरखाव और व्यवस्था में सुधार की जरूरत महसूस हुई। अब इसे नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी है। पौधों को लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह प्लांट लंबे समय तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन केंद्र बना रहे।