दिल्ली मेरठ मार्ग पर ई रिक्शा में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। संवाद
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित सीकरी पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह चलते ई-रिक्शा में तेज धमाके के साथ आग लग गई। आग लगने से मुख्य मार्ग पर हड़कंप मच गया। ई-रिक्शा चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू किया।
निवाड़ी के गांव सारा निवासी यामिन ई-रिक्शा चलाते हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह खाली ई-रिक्शा लेकर मोदीनगर से सीकरी कला की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह दिल्ली-मेरठ मार्ग पर सीकरी पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो अचानक ई-रिक्शा से धुआं निकलने लगा और धमाके के साथ आग लग गई। ई-रिक्शा धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान यातायात प्रभावित हो गया। दिल्ली की तरफ जाने वाली साइड में जाम की स्थिति बन गई। सूचना के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को काबू किया तब तक ई-रिक्शा काफी जल चुका था। एफएसओ अमित कु़मार ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।