डेढ़ साल पहले भी हुई थी कवायद लेकिन फंड की कमी की वजह से चल नहीं पाई
नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में मदर मिल्क बैंक शुरू हो सकता है। इस पहल का उद्देश्य उन नवजात शिशुओं को मां का दूध उपलब्ध कराना है जो किसी कारणवश अपनी मां से दूर हैं। इसके शुरू होने से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे नवजातों की रिकवरी में तेजी आने की उम्मीद है।
संस्थान के निदेशक प्रो. जेडी रावत ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले एक स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) के सहयोग से मदर मिल्क बैंक शुरू करने का प्रयास किया गया था। उस समय संस्था द्वारा डीप फ्रीजर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, साथ ही कर्मचारियों की तैनाती भी की गई थी। ये कर्मचारी माताओं को दूध निकालने की प्रक्रिया समझाने और उनकी काउंसलिंग करने का कार्य करते थे। हालांकि, सीएसआर फंड की कमी और कर्मचारियों के वेतन संबंधी समस्याओं के कारण यह परियोजना अधर में लटक गई थी। अब संस्थान ने संबंधित एनजीओ से पुनः संपर्क साधा है और एक-दो दिनों में बैठक कर इसे सुचारू रूप से शुरू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
चाइल्ड पीजीआई के निदेशक प्रो. जेडी रावत के अनुसार, अस्पताल में भर्ती गंभीर और पोस्ट-ऑपरेटिव नवजात शिशु आमतौर पर ग्राउंड या फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। इसलिए, बच्चों तक तुरंत और सुरक्षित तरीके से दूध पहुंचाने के लिए मिल्क बैंक को इन्हीं दोनों में से किसी एक फ्लोर पर स्थापित करने की योजना है।
मिल्क बैंक के संचालन में स्वच्छता और तापमान नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। दूध दान करने वाली माताओं की पूरी मेडिकल हिस्ट्री जांची जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर ब्लड टेस्ट भी किया जाएगा, ताकि नवजात में किसी संक्रमण का खतरा न रहे। एकत्र किए गए दूध को खराब होने से बचाने के लिए डीप फ्रीजर में एक निश्चित तापमान पर सुरक्षित रखा जाएगा।
संक्रमण को रोकने के लिए मिल्क बैंक में बाहरी लोगों या जूते-चप्पल पहनकर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल निर्धारित ड्रेस कोड में प्रशिक्षित कर्मचारी ही प्रवेश कर सकेंगे। अस्पताल में आने वाली माताओं को दूध दान करने और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विशेष रूप से परामर्श दिया जाएगा।