ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुत्याना गांव के पास सीआरपीएफ कैंप के पीछे स्थित कबाड़ के एक बड़े गोदाम में रविवार तड़के करीब चार बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाई गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जिससे ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।