फंदे पर लटकी किशोरी की मौत, ब्लैकमेलिंग का आरोप, धरना-प्रदर्शन
-सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की घटना, हिंदू संगठनों से जुड़े लोग प्रदर्शन में पहुंचे, लव-जिहाद का लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की एक काॅलोनी में शनिवार रात 13 वर्षीय किशोरी पंखे से लटकी मिली। परिवारीजन फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। किशोरी के भाई ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी युवक उसकी बहन को फोटो और वीडियो से ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपों पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाकर कुछ हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने पीड़ित परिवार के साथ एसीपी ऑफिस के पास जुटकर थाना पुलिस के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस का कहना है कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई की गई है। दो युवक जिन पर आरोप लगाया गया है उनको हिरासत में भी ले लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से महोबा में रहने वाला व्यक्ति काॅलोनी में पत्नी, 13 वर्षीय बेटी और बेटे के साथ रहते हैं। किशोरी अपनी मौसी के पास कक्षा सात की पढ़ाई कर रही थी। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। मजदूरी से किराये के घर में गुजारा हो रहा है। चार माह पहले किशोरी मौसी के घर से आई थी। भाई का कहना है कि तीन दिन पहले मां-पिता दोनों गांव की एक शादी समारोह में गए हैं। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे वह कंपनी में ड्यूटी पर चला गया। किशोरी घर में अकेली थी। रात करीब आठ बजे उसने भाई को सब्जी लाने के लिए फोन किया था। पौने दस बजे भाई घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था। कमरे में देखा तो किशोरी पंखे से लटकी हुई थी। उसके पैर भी जमीन से छू रहे थे। भाई ने तुरंत रिश्तेदारों की मदद से पंखे में बंधे कपड़े को काटा और बहन को अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने फेज-तीन थाना क्षेत्र के बड़े अस्पताल भेज दिया, जहां 15 मिनट बाद उसे म़ृत घोषित कर दिया गया।
हिंदू संगठनों से जुड़े लोग हुए सक्रिय : घटना की सूचना पर हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ लोग भी सक्रिय हुए। परिवारीजन के साथ एसीपी दफ्तर के पास जुटे और धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस पर पुलिस की तरफ से जानकारी दी गई कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। परिवारीजन की तरफ से पुलिस को बताया गया कि किशोरी ने आरोपियों को लेकर एक डायरी में लिखा हुआ है। सेंट्रल जोन के एसीपी प्रथम उमेश यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर के गौतम ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया गया। इसमें मौत की वजह फंदे में गला फंसने और लटकने से सामने आई। परिवारीजन से सुसाइड नोट मांगा गया है। दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया है।