एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बनाई तीन टीमें
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। लखनऊ हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा में सभी व्यावसायिक इमारतों का फायर ऑडिट कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इसकी शुरुआत ग्रेनो प्राधिकरण ने अपने मुख्यालय से की है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में व्यावसायिक उपयोग की सभी इमारतों का फायर ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस के आदेशा के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। ओएसडी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में तीनों टीमें फायर ऑडिट की प्रक्रिया पूरी करेंगी। पहले चरण में शहर की व्यावसायिक इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच होगी। इसी क्रम में प्राधिकरण ने अपने कार्यालय भवन के फायर ऑडिट के लिए भी एजेंसी की तलाश शुरू कर दी है।
फायर ऑडिट के दौरान भवन में लगे अग्निशमन उपकरण, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकासी मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ भारद्वाज द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में बताया गया है कि केपी-4 स्थित प्राधिकरण कार्यालय का फायर ऑडिट मौजूदा अग्नि सुरक्षा अधिनियमों और नवीनतम मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। इसके लिए इच्छुक एवं अनुभवी एजेंसियों से छह जुलाई तक कोटेशन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर एजेंसी का चयन किया जाएगा।