संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित शारदा विश्वविद्यालय में नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति शपथ और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसमें 67 महिला एनसीसी कैडेट्स ने भाग लेकर विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय समुदाय को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
रैली में कैडेट्स ने से नो टू ड्रग्स और नशामुक्त भारत के संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कैडेट्स ने नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। इसमें नव-नामांकित एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. प्रमोद कुमार और लेफ्टिनेंट डॉ. यशोधरा राज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।