चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में तीन दिवसीय पेकफेस्ट- 2025 का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन रोमांच, ऊर्जा और बहुआयामी गतिविधियों का शानदार मेल हुआ। ए क्रेसेंट मिराज थीम पर आधारित इस महोत्सव में तकनीकी, सांस्कृतिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति का समागम था। सुबह से ही कैंपस में अलग-अलग गतिविधियां शुरू हो गईं। रोबोसॉकर, टेक एक्सपो, डिफेन्स एक्सपो और कंक्रीट कनोई जैसे तकनीकी इवेंट्स ने नवाचार के जज्बे को मंच प्रदान किया।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन किया। इसी ऊर्जा के साथ एलएलएम ग्रेवयार्ड ने भाषा मॉडलों की क्षमताओं को रोचक अंदाज में सामने रखा जबकि कोड स्ट्राइक गो ने युवा प्रोग्रामरों की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती दी। दूसरी ओर कथा संग्राम, लिटरेचर क्विज, डिजाइन शोडाउन, ट्विस्ट ए स्क्रिप्ट, स्केच और रचनात्मक प्रतियोगिताओं आयोजित हुईं। दर्पण नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक संवेदना को मंच दिया और आकर्षक बाजार ने छात्रों की उद्यमिता का परिचय कराया। इसके अलावा भंगड़ा वार्स, रैप बैटल और रॉकाथॉन ने माहौल में जोश भर दिया।
इन्फ्लुएंसर्स युवराज दुआ, जसप्रीत कौर दयोरा, स्टैंडअप कॉमेडियन आशीष सोलंकी, और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक कलाकार नुक्लेया की उपस्थिति ने दिनभर के कार्यक्रमों को और यादगार बनाया। कम्युनिकेशन, इन्फॉर्मेशन एंड मीडिया सेल के नेतागिरी, पीआर राइटिंग, क्वर्की क्विज और एडमैड जैसे कार्यक्रमों ने फेस्ट में बौद्धिक प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक रणनीति का अनोखा मिश्रण जोड़ा। शाम को डीजे नाइट ने धड़कनें तेज कर दीं। संगीत, रोशनी और नृत्य के सम्मोहक वातावरण ने पेकफेस्ट 2025 के समापन को यादगार बना दिया।