कोंच। कोतवाली क्षेत्र के दाढ़ी गांव में घरेलू विवाद के चलते सोमवार सुबह देवर के मंडप के दिन महिला ने दो बेटियों के साथ खुद को कमरे में बंद करके आग लगा ली। चीख सुनकर दौड़े लोगों ने कमरे की दीवार तोड़कर तीनों को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। महिला व उसके बड़ी बेटी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटी बेटी को झांसी रेफर कर दिया। झांसी में डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है
डकोर कोतवाली क्षेत्र के मुहाना गांव निवासी रामचंद्र अहिरवार की बेटी आरती (27) की शादी 17 जून 2016 को कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाढ़ी निवासी घनश्याम चौधरी के बड़े बेटे देवेंद्र कुमार से हुई थी। देवेंद्र बलिया में पानीपूरी का धंधा करता है। वह कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। उसके दो छोटे भाई पवन व जितेंद्र यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। पवन की तैनाती गाजियाबाद व जितेंद्र आगरा में तैनात है।
मंगलवार को देवर जितेंद्र की बरात बरेली जानी थी। सोमवार की सुबह 5 बजे के करीब देवेंद्र सहित अन्य परिजन कोंच में सब्जी खरीदने चले गए। आरती ने कमरे का दरवाजा बंद कर दोनों मासूम बेटियों पीहू (07) व दृष्टि (03) समेत आग लगा ली। बच्चियों की चीख सुनकर घर के नाते-रिश्तेदार कमरे की तरफ दौड़ और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया।
लोहे दरवाजा नहीं खुल सका तो लोगों ने कमरे की दीवार तोड़ दी और अंदर पहुंचकर आग बुझाई। महिला सहित तीनों को सीएचसी कोंच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने आरती व पीहू को मृत घोषित कर दिया। दृष्टि की गंभीर हालत होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही दृष्टि को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद व कोतवाल अजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे गए और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी पर पहुंचे आरती के मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चार साल से ससुरालीजन उसे मायके नहीं जाने देते थे। उसे इतना परेशान किया कि उसने बच्चियों के संग आत्महत्या कर ली।
बताया गया कि सुबह आरती सास के कमरे में लेटी बड़ी बेटी पीहू को अपने कमरे में ले गई। इसके साथ ही शादी समारोह में लाए गए जनरेटर के लिए आए डीजल के केन को भी कमरे में उठा ले गई और आग लगा ली।
वर्जन
मौके की फोरेंसिक जांच कराई गई है। एक-एक बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। कमरे में डीजल की गंध और प्लास्टिक केन भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद ही सामने आ रहा है।
- परमेश्वर प्रसाद, सीओ कोंच