माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली फेज वन पुलिस के साथ शुक्रवार देर रात को हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वही दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। गिरफ्तार घायल बदमाश अशोकनगर दिल्ली निवासी दानिश पर 25 हजार का इनाम घोषित था। गिरफ्तार बदमाश के पास से बाइक, तमंचा, मोबाइल समेत और सामान बरामद हुआ है।
एसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि कोतवाली फेज वन पुलिस की टीम के साथ सेक्टर-14 नाले के पास बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश दानिश मूल रूप से शिकारपुर का रहने वाला है। उसने हाल में ही सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास एक मोबाइल लूटा था और इससे पहले भी कई घटनाएं कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी कोतवाली फेज-1 का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। घायल बदमाश का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पूछताछ में पता चला है कि दोनों बदमाश अपने शौक को पूरा करने के लिए चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।