फर्जी हॉलमार्क ज्वैलरी से धोखाधड़ी करने वाले बंटी-बबली गिरफ्तार
नकली हॉलमार्क लगे चार सोने के बेंगल, 1.32 लाख रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट कार बरामद
बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को गामा-2 ग्रीन बेल्ट से पकड़ा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी के जरिये सराफा कारोबारियों को चूना लगाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नकली हॉलमार्क गुदे हुए पीली धातु के चार बेंगल, 1 लाख 32 हजार 230 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की है।
बरामद ज्वैलरी की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 70 हजार रुपये है। आरोपी रविवार को हरिद्वार में ठगी की घटना को अंजाम देकर वापस ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। डेल्टा-3 निवासी संजय वर्मा की जगत फार्म मार्केट में राधा गोविंद ज्वैलर्स के नाम से ज्वेलरी की दुकान है। 7 अक्तूबर 2025 को गुरमीत ने सोने के चार लाख रुपये की कीमत वाले दो कंगन खरीदे थे। इसके बाद 12 अक्तूबर 2025 को वही व्यक्ति सोनिया नामक महिला के साथ दुकान पर आया और खरीदे गए कंगनों को बड़ा बताते हुए छोटे साइज कंगन की मांग की। दुकान पर भीड़ होने के कारण गुरमीत व सोनिया को बड़े कंगन बदलकर छोटे कंगन व नौ सिक्के दिए गए, इसके वाद व चले गए। बाद में जांच की तो कंगन नकली थे। आरोपी फर्जी हॉलमार्क लगी ज्वैलरी देकर असली ज्वैलरी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को गामा-2 ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से आरोपी दीपक चौहान निवासी बी-81 पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सेक्टर जीटा-1 और आरोपी सानिया उर्फ सोनिया निवासी बुलंदशहर वर्तमान पता डिजाइन आर्च सोसाइटी को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छह माह से महिला के साथ सहमति संबंध में रह रहा था आरोपी
गिरोह हरिद्वार के अलावा दिल्ली में भी वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस जांच में पता चला है कि जो कार बरामद हुई है वह महिला की है। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ किराये के फ्लैट में रहती है। महिला के पति की मौत हो चुकी है। महिला आरोपी के साथ पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर चुकी है। इस कारण वह आरोपी से परिचित है। वहीं आरोपी की पत्नी पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी में किराये के मकान में रहती है। आरोपी पिछले छह माह से महिला के साथ उसकी सोसाइटी में सहमति संबंध में रह रहा था। गिरोह पिछले छह माह से सक्रिय था। आरोपी जब ज्वेलरी की दुकान पर जाता था तो महिला को अपनी पत्नी बताता था।