तीन हजार वर्ग मीटर जमीन पर निर्माण की तैयारी, प्राधिकरण के सीईओ ने नियोजन प्रस्ताव को दी मंजूरी
नोएडा। गांवों में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बरातघर बनाने की योजना को मंजूरी दी है। इसके लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन पर निर्माण संबंधी नियोजन प्रस्ताव को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्वीकृति दे दी है। परियोजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। बरातघर बनने से ग्रामीणों को शादी-विवाह समेत अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
गांव में बरातघर बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। ग्रामीणों ने विभिन्न माध्यमों से प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने अपनी जरूरत रखी थी। इसे ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने निर्माण की योजना तैयार की है। नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्राधिकरण की ओर से बरातघर निर्माण पर होने वाले खर्च का विस्तृत आकलन तैयार कराने के लिए समिति गठित की जा रही है। साथ ही परियोजना की सैद्धांतिक स्वीकृति लेने की प्रक्रिया भी चल रही है। ब्यूरो