- ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दादरी ब्लॉक के रानौली लतीफपुर और कोट गांव में विकास कार्यों में अनियमितता की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में शिकायत की थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दोनों गांवों की जांच के लिए दो अलग-अलग कमेटियां गठित कर दी हैं। कमेटियों को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित विभागों ने भी जांच शुरू कर दी है।
डीएम को दी शिकायत में कोट गांव के निवासी अनुज कुमार ने आरोप लगाया कि सिंहराज के मकान से पानी की टंकी तक इंटर लॉकिंग सड़क निर्माण दिखाकर करीब पांच लाख रुपये का भुगतान करा लिया गया जबकि मौके पर कार्य नहीं किया गया है। इस शिकायत की जांच की जिम्मेदारी जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सौंपी है। वहीं रानौली लतीफपुर निवासी नागीन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023-24 में हुए कई निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं हुई हैं। कई कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं है। कुछ कार्यों का भुगतान बिना काम किए ही कर दिया गया है। इन शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जांच की जिम्मेदारी जिला अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसौदिया को दी है।
जिला पंचायत राज अधिकारी गौतमबुद्धनगर अजय कुमार यादव ने बताया कि दो गांवों के निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस संबंध में जांच के लिए कमेटियां गठित कर दी गई हैं।