नोएडा। सेक्टर-12 स्थित साईं कृपा बाल कुटीर में एक बच्चा कोरोना से संक्रमित मिला है। हालांकि, बच्चे में कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं। डॉक्टर की सलाह के बाद बाल कुटीर में ही बच्चे को होम आइसोलेट किया गया है। साईं कृपा की संचालिका अंजिना राजगोपालन ने बताया कि पिछले हफ्ते बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब उसकी तबियत बिल्कुल ठीक है। एक दो दिनों में होम आइसोलेशन का समय पूरा हो जाएगा। अभी डॉक्टरों की सलाह पर विटामिन की दवाई दी जा रही हैं। साथ ही, हर 15 दिन में यहां पर टेस्ट किए जा रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए हर बच्चे को योग कराया जा रहा है। स्वस्थ रहने के टिप्स दिए जा रहे हैं। किसी भी बच्चे को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। इस बारे में जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल सोनी ने बताया कि अभी जिले में सात अनाथ आश्रम हैं। इसमें तीन साईं कृपा, तीन उदयन केयर और एक डिजायर सोसाइटी का अनाथ आश्रम है। सेक्टर-12 साईं कृपा में एक बच्चा संक्रमित है। अब वह ठीक होने वाला है। इन सभी सेंटरों में 15 दिन में टेस्टिंग कराई जा रही है।
जिले में अब तक 402 ने तोड़ा कोरोना से दम
जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण की वजह से पांच लोगों की मौत हो गई। इससे संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 402 हो गया है। सबसे ज्यादा मौतें अप्रैल के अंत और मई की शुरुआत में हुई हैं। हालांकि, अब मौत के आंकड़े में कमी आनी शुरू हो गई है। वहीं, 355 नए संक्रमण मरीज मिले हैं और 633 लोगों को ठीक होने पर डिस्चार्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिम्स, शारदा और नोएडा के कोविड अस्पताल में मौतें हुई हैं। मृतकों की उम्र 50 से अधिक थी। 16 अप्रैल तक जिले में संक्रमण से 100 लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद 13 दिन यानी 29 अप्रैल तक संख्या 202 तक पहुंच गई थी। 8 मई तक यानी 9 दिनों में संख्या 307 तक जा पहुंची। वहीं, प्रदेश सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार तक जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 60,647 हो गया है। इसमें 55084 लोग ठीक हो चुके हैं। 5161 सक्रिय मरीज हैं। इनमें करीब तीन हजार होम आइसोलेशन में हैं।।