कर्ज चुकाने के लिए पशु पालक ने की थी व्यापारी की हत्या
पत्नी की बीमारी के बाद चढ़े कर्ज से परेशान था आरोपी
एनआईयू के पीछे जंगल में ले जाकर की थी हत्या
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली पुलिस ने पशु व्यापारी की हत्या का खुलासा करते हुए गांव अमरपुर निवासी पशु पालक अवनीश नागर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए पशु व्यापारी के पास मौजूद रुपये को लूटने के इरादे से उसकी हत्या की थी।
आरोपी पर पत्नी के बीमार होने के बाद सब्जी, फल और एक मेडिकल स्टोर वाले का कर्ज था। सभी लोग उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बना रहे थे। इस कारण उसने पशु व्यापारी को बहाने से बुलाकर पैसों के लालच में एनआईयू के पीछे जंगल में ले जाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सब्जी काटने वाला चाकू, रस्सी, मृतक का मोबाइल, नकदी व अन्य सामान भी बरामद किया है।
24 सितंबर को मोहल्ला फतेहखानी कस्बा बिलासपुर निवासी ईसुब उर्फ युसुफ ने केस दर्ज कराया था कि भाई मोहम्मद उर्फ मोहम्मद कुरैशी (48) पशु व्यापारी था। वह 23 सितंबर को अपने घर से 70 हजार रुपये लेकर पशु खरीदने गया हुआ था लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया। उसके घर वापस न आने के संबंध में 24 सितंबर को दनकौर कोतवाली पर भाई द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। 25 सितंबर को मोहम्मद उर्फ मोमंद का शव पुलिस को एक विश्वविद्यालय के पीछे जंगल में मिला था। पुलिस को गर्दन का कुछ हिस्सा धारदार हथियार से काटा मिला था जबकि हाथ और पैरों की अंगुलियों का भी कुछ भाग कटा था।
एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हत्या की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को आरोपी अवनीश नागर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पशुओं को पालने का काम करता है। आरोपी की शादी हो चुकी है और दो बच्चे भी हैं।