नोएडा। चोटपुर कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को हिंदू चौपाल और भिक्षा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता स्वामी दीपांकर महाराज ने हिंदू समाज से जातिगत भेदभाव मिटाकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि साध्वी प्रज्ञा भारती और सांसद प्रतिनिधि संजय बाली भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए।
दीपांकर महाराज ने कहा कि हिंदू समाज की असली ताकत उसकी एकता, संस्कार और आपसी भाईचारे में है। समाज को जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।
साध्वी प्रज्ञा भारती ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन जीने की परंपरा है। इसके संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में लोगों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता का संकल्प लिया। इस दौरान रोहित हिंदू, मनोज हिंदू, बब्बन हिंदू, रोहन हिंदू, राहुल हिंदू, गुड्डू हिंदू और मनोहर हिंदू सहित कॉलोनी के लोग मौजूद रहे।