नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम मित्र मंडल रामलीला समिति की ओर से 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक 11 दिवसीय रामलीला मंचन का आयोजन किया जाएगा। समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि लोनी के अनुभवी कलाकार रावण के 70 फीट, कुंभकरण के 65 फीट और मेघनाद के 60 फीट ऊंचे पुतले का दहन होगा। इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इन पुतलों में केवल ग्रीन पटाखों का प्रयोग होगा और चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग और अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि मुरादाबाद की प्रसिद्ध लीला मंडली शिवा कला लोक कल्याण समिति के लगभग 50 कलाकार मंचन में शामिल होंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जिसमें 500 सोफे और चार हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। खाने-पीने के लिए फूड स्टॉल के साथ प्राइवेट सुरक्षा गार्ड और नोएडा पुलिस की तैनाती भी रहेगी।
शोभायात्रा संयोजक एसएम गुप्ता, सुधीर पोरवाल और नवीन पोरवाल ने बताया कि 26 सितंबर को श्रीराम-बरात शोभायात्रा विभिन्न सेक्टरों से होते हुए रामलीला स्थल पर पहुंचेगी।