-सुसाइड से पहले चचेरे भाई को भेजा भावुक ऑडियो पोस्ट, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
नूंह शहर के वार्ड नंबर-8 स्थित जटिया मोहल्ला में मंगलवार-बुधवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 20 वर्षीय युवक सचिन ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई।
सचिन का काफी समय से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन हाल के दिनों में युवती ने शादी से इन्कार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते सचिन ने यह कदम उठाया। सुसाइड से पहले सचिन ने रात करीब 11 बजे अपने चचेरे भाई को एक भावुक ऑडियो मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपने प्रेम और भावनाओं का जिक्र किया। उस समय चचेरा भाई सो रहा था, इसलिए मैसेज नहीं देख पाया। सुबह जब उसने ऑडियो सुना तो वह तुरंत सचिन के कमरे की ओर दौड़ा, जहां सचिन का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। बताया गया है कि सचिन के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह घर में अकेला रहता था। सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल नूंह की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सिटी थाना नूंह के एसएचओ जितेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ऑडियो मैसेज की भी पड़ताल की जा रही है।