पिंजरे में कैद किया अजगर। स्रोत : वीडियो ग्रैब
- फोटो : Shopian news
धारूहेड़ा(रेवाड़ी)। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास जंगल बेबलर रिसॉर्ट के नजदीक 10 फीट लंबा अजगर मिला है। अजगर पेड़ पर चढ़ा हुआ था जिसे देखकर आसपास के लोग डर गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाइल्डलाइफ विभाग को जानकारी दी। वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम ने पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान स्थानीय लोग भी इकट्ठा हो गए और अजगर को देखने के लिए भीड़ लग गई।
वाइल्ड लाइफ अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर वे जंगल या रिहायशी इलाकों में ऐसे वन्यजीवों को देखें तो तुरंत प्रशासन या वाइल्ड लाइफ विभाग को सूचित करें। इससे न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि जानवरों को भी सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा सकेगा।
रेवाड़ी वाइल्ड लाइफ इंस्पेक्टर चरण सिंह ने बताया कि अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। अब इसे अरावली पहाड़ियों के जंगल में छोड़ा जाएगा ताकि यह फिर से प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके। वह बताते हैं कि अधिक बारिश होने के कारण अजगर रिहायशी इलाके में आ गया होगा।