डाकघर सेवादाता घर तक देंगे सुविधा, प्रशिक्षण पूरा
फरीदाबाद। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक सेवा से सभी पोस्ट ऑफिस को जोड़ने की मुहिम तय समय पर पूरी कर ली गई है। अब पोस्ट ऑफिस से जुड़े तमाम उपभोक्ताओं को इस योजना से जुड़ने पर वन क्लिक सर्विस का लाभ मिल सकेगा। जिले के सभी शहरी और ग्रामीण डाकघरों में यह सेवा शुरू की गई है।
पिछले वर्ष सितंबर से शुरू की गई योजना को पूरी तरह से लागू करने के लिए 31 दिसंबर का समय निर्धारित था। तय समय पर जिले के सभी 68 डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) सेवा शुरू कर दी गई है। सेवा देने के लिए विगत चार माह में 200 कर्मचारियों का प्रशिक्षण, जरूरी सॉफ्टवेयर व अन्य सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है।
अब डाकघर सेवा उपभोक्ता आसानी से अपना वित्तीय लेनदेन एक क्लिक से कर सकेंगे। दरअसल शुरुआत में केवल 5 डाकघरों में ही यह योजना लागू की गई थी, जिससे क्षेत्र विशेष के लोग ही इस सेवा का इस्तेमाल कर पा रहे थे। अब घर-घर जाकर गैर-खाता धारकों को इस योजना से जोड़ने की मुहिम भी शुरू की जा सकेगी। इसके लिए 200 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसमें ग्रामीण डाक सेवक, डाकिया, कंप्यूटर ऑपरेटर व सहायक शामिल हैं। योजना का मुख्य उद्देश्य दूरवर्ती क्षेत्रों में लोगों को बैंकिंग से जोड़ना है।
इसके तहत डाकिया घर-घर जाकर लोगों के शून्य जमा राशि पर खाता खोलेंगे। जीरो बैलेंस (शून्य जमा राशि) पर बैंक खाता, नई टेक्नोलॉजी, 24*7 बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग के अलावा घर बैठे बैंकिंग का लाभ उपभोक्ता को आईपीपीबी योजना के माध्यम से दिया जा रहा है। आईपीपीबी के तहत 5 हजार तक की राशि खाते से निकालने और जमा करने के लिए घर बैठे डाकिया वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा। इस योजना के माध्यम से कम से कम 25 हजार रुपये की जमा राशि पर 5.5 फीसदी की दर से ब्याज भी दिया जाएगा।
मिलेगा कई योजनाओं का लाभ
सभी सरकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के लिए आईपीपीबी की शुरुआत की गई है। इसमें सुकन्या समृद्धि योजना, रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस लाइफ स्कीम लाभ, रिटायरमेंट के वक्त पेंशन योजना का लाभ, 18 से 40 वर्ष की आयु के लिए अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री और जीवन ज्योति जीवन बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाना है।
दिसंबर तक जिले के सभी 68 पोस्ट ऑफिसों में आईपीपीबी को पूरी तरह लागू कर दिया गया है। योजना के तहत खाता खोलने के लिए 10 वर्ष से किसी भी आयु वर्ग के लोग लाभ उठा सकते हैं। योजना की खासियत है कि डाकघर से जुड़े वित्तीय लेनदेन ऑनलाइन संभव हैं। युवा वर्ग योजना से जुड़ने का इच्छुक है, बुजुर्गों और बच्चों को जोड़ने के लिए भी खास प्रयास किए जा रहे हैं।
- दीक्षा कुमारी, रीजनल मैनेजर, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक