पत्नी को मेट्रो स्टेशन छोड़ने गया था, घर में चोरी
गुरुग्राम। सुशांत लोक-2 में पत्नी को रैपिड मेट्रो स्टेशन छोड़ने गए व्यक्ति के घर चोरों ने अपना कहर बरपाया। जब व्यक्ति अपने घर पहुंचा तो गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करते ही दो चोरों ने उक्त व्यक्ति को बाथरूम में बंद कर दिया और फरार हो गए। सेक्टर-56 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-57 सुशांत लोक फेज-2 निवासी संजीव बहल ने शिकायत में कहा कि 9 नवंबर की सुबह वह अपनी पत्नी कनिका बहल को रैपिड मेट्रो स्टेशन छोड़ने के लिए गए थे। करीब 30 मिनट बाद जब वापस लौटे, तो उनके घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर पाया कि दो लोग उनके घर में खड़े हैं जिन्होंने संजीव को काबू कर बाथरूम में बंद कर दिया।
इस पर संजीव ने अपने दोस्त आशीष को मैसेज कर घर बुलवाया, जिसने उसे बाथरूम से बाहर निकाला। जब तक आशीष मौके पर पहुंचा, तक तक आरोपी फरार हो गए थे। चोरों ने उनके घर से करीब 35 हजार रुपये नकद, घड़ियां व महंगे परफ्यूम चोरी कर लिए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को देते हुए अपने घर की दूसरी मंजिल पर चेक किया। दूसरी मंजिल पर रहने वाले विशाल शर्मा के घर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया था।