होटल में व्यवसायी की पत्नी दीये से झुलसी
गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित एक होटल के रिसेप्शन पर कमरा बुक कराने के दौरान दिवाली के दिन दीये से एक महिला के कपड़ों में आग लग गई। इस घटना में महिला सहित उसका पति झुलस गए। शुक्रवार को शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के राजेंद्र नगर के व्यवसायी हरमीत सिंह की सात वर्षीय बेटी गुरिशा को अस्थमा है। दिवाली पर दिल्ली में बढ़े प्रदूषण से बचाने के लिए वह अपनी पत्नी सतविंद्र कौर उर्फ गुड़िया व बेटी गुरिशा व अश्विन के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित होटल में आ गए थे। रिसेप्शन पर कमरा बुक कराने के दौरान टेबल के नीचे जल रहे दीये से उनकी पत्नी के कपड़ों में आग लग गई। हरमीत सिंह उसे बुझाने का प्रयास करने लगे। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया और पत्नी को अस्पताल ले जाया गया। शुक्रवार को उन्होंने सेक्टर-29 थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में गुड़िया के शरीर का काफी हिस्सा जल गया, जबकि आग बुझाते वक्त हरमीत के दोनों हाथ जल गए। मामले की जांच की जा रही है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है।