सेक्टर-46 में श्रीराम लखन धार्मिक लीला कमेटी को अभी रामलीला मंचन के लिए अनुमति नहीं मिली है। कमेटी के पदाधिकारी शनिवार को विधायक पंकज सिंह से मिलने पहुंचे, लेकिन वे उपलब्ध नहीं थे। अब केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा से मिलकर अनुमति दिलाने की गुहार कमेटी के पदाधिकारियों ने लगाई है। 10 से लेकर 20 अक्तूबर तक होने वाली रामलीला मंचन पर फिलहाल काले बादल छाए हैं।
दरअसल, नोएडा में स्टेडियम, सेक्टर-62 व सेक्टर-12 में अलग-अलग कमेटियों द्वारा रामलीला मंचन किया जाता रहा है, लेकिन इस बार श्रीराम लखन कमेटी ने सेक्टर-46 के सी ब्लाक में रामलीला मंचन कराने की योजना तैयारी की थी। इसके लिए समय रहते सिटी मजिस्ट्रेट को अनुमति के लिए 10 अगस्त को पत्र कमेटी के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल की तरफ से दिया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट ने एलआईयू, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस, मनोरंजन कर, अग्निशमन विभाग व प्राधिकरण से एनओसी लाने के लिए कहा था।
कमेटी के महासचिव राघवेंद्र दुबे ने बताया कि सभी विभाग से पहले मिलकर पूछा गया था कि हम लोग सेक्टर-46 में इस बार रामलीला करना चाहते हैं तो सभी विभागों की तरफ से कहा गया था कि धार्मिक कार्य है, अनुमित मिल जाएगी। सभी विभागों से अनुमति मिल भी गई, लेकिन जैसे ही अंत में एसपी सिटी के पास फाइल पहुंची तो उन्होंने आपत्ति लगा दी।
कमेटी के लाखों रुपये दांव पर लग चुके हैं। मुरादाबाद की रामलीला मंचन करने वाले कलाकार, टेंट, पुतला बनाने वाले कलाकार समेत तमाम बुकिंग के लिए पैसा दिया जा चुका है। 21 सितंबर को भूमि पूजन भी करना तय हो गया था, लेकिन पुलिस ने पेच फंसा दिया। इसके लिए शनिवार को कमेटी के पदाधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक प्रधान से भी मिले। कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में रामलीला मंचन की अनुमति नहीं मिलेगी तो कब मिलेगी।