‘गुरुग्राम नमाज विवाद पर राजनीति कर रहे जाकिर हुसैन’
नूंह। नूंह विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके तैय्यब हुसैन घासेड़िया ने रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान 36 बिरादरी के चौधरी एवं नूंह से इनेलो विधायक जाकिर हुसैन पर गुरुग्राम नमाज विवाद को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के लोगों ने इस विवाद को निपटाने के लिए आगे आकर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल कायम की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले का वहां के लोगों ने निपटारा कर दिया है लेकिन विधायक इस मामले को फिर तूल दे रहे हैं।
घासेड़िया ने कहा कि 1960 में वक्फ बोर्ड का गठन किया गया था। 1966 से लेकर 1978 तक जाकिर हुसैन के पिता तैय्यब हुसैन पंजाब वक्फ बोर्ड के चेयरमैन रहे थे। आरोप लगाया कि इस दौरान उन्होंने गुरुग्राम में अपने चहेतों से वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा करवाया। यह कार्य उन्होंने गुरुग्राम ही नहीं बल्कि नूंह जिले में भी अपने चहेतों से वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा करवाकर लीज पर छोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि इसी दौरान वक्फ बोर्ड की जमीन पर मस्जिद, मदरसा, ईदगाह आदि को बनाया जाता तो आज लोगों को इस समस्या से नहीं गुजरना पड़ता। मौके पर मुख्य रूप से जिला पार्षद वली मोहम्मद, अंजुम पार्षद, आशिक नंगली, हाजी असर खां सादई, मुबस्सिर सालाहेड़ी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।